Agra News: खबरें आगरा की....

दो लोगों के नेत्रदान से चार जिन्दगियां होगी रोशन
आगरा, 04 मई। नेत्रदान सबसे बड़ी मानव सेवा है। इसी से प्रेरित होकर शहर के दो परिवारों ने समाज के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मृत्योपरांत अपने स्वजन की काॅर्निया एस एन मेडिकल कालेज को दान की, जिससे अंधकारमय जीवन जी रहे चार लोगों के जीवन में उजाला होगा।
नेहरू नगर निवासी रमेश चंद भाटिया (72) का रविवार रात को निधन हो जाने पर उनके पुत्र गौरव भाटिया ने क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल से नेत्रदान प्रकिया पूरी कराने के लिए सम्पर्क किया। प्रभुनगर, जयपुर हाउस निवासी सरोज देवी गोयल (66) धर्मपत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार गोयल का सोमवार की सुबह निधन हो जाने उनके पुत्र पवन व आशीष कुमार गोयल ने कमेटी के पूर्व मंत्री राजेंद्र कुमार गोयल से नेत्रदान के लिए सम्पर्क किया। सूचना पर एस.एन. की आई बैक इंचार्ज डा.शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा व डाक्टर टीम द्वारा नेत्रदान प्रकिया पूरी कराई गई। कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, नेत्रदान प्रभारी विश्नु जैन व मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने समाज से अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेने तथा मृत्योपरांत अपने परिजनों को इसके लिए प्रेरित करने को कहा है। नेत्रदान के लिए 9319809451 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
__________________________________________
फेम ने वित्तमंत्री को उद्यमियों की समस्याओं से कराया अवगत
आगरा, 04 मई। फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को एक पत्र के माध्यम से उद्यमियों को आ रही समस्याओं से अवगत कराया एवं इनके समाधान का अनुरोध किया।
पत्र में कहा गया कि प्रमुख समस्या जी एस टी के रिफंड में देरी की वजह है। लघु उद्यमियों के ऊपर जो 5% है वो रिफंड में देरी की वजह से 13% तक विभाग के पास रह जाता है जो उद्यमियों की कार्यशील पूंजी में से होने के कारण व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है एवं उद्यमी अपने व्यापार में संकट का सामना करता है। इसके अलावा अन्य समस्याएं पर भी ध्यान आकृष्ट कराया है।
__________________________________________
भारत विकास परिषद 'सुरभि' ने कराया सर्वजातीय सामूहिक विवाह
आगरा, 04 मई। भारत विकास परिषद 'सुरभि' द्वारा सोमवार को महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी में सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। जाति-वर्ग से ऊपर उठकर, छह निर्धन बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया।
जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन से घुड़चढ़ी की रस्म के बाद बैंड बाजों के साथ नाचते गाते हुए सामूहिक बारात निकाली गई। महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी में अलग-अलग सुसज्जित मंडपों में नवयुगलों ने सात फेरे लिए। सुरभि की सदस्याओं ने सभी बेटियों को गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप भेंट करके विदाई दी।
मुख्य अतिथि महेश उपाध्याय, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद नवीन जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने नवयुगलों को आशीर्वाद प्रदान किया।
निधि अग्रवाल, प्रीति उपाध्याय, वंदना अग्रवाल, नीलिमा शर्मा, निधि बंसल, अंजलि अग्रवाल, ममता जैन, निहारिका अग्रवाल, रानी खंडेलवाल, अंजना शिवहरे, डॉ. रचना शर्मा, मीना अग्रवाल ने व्यवस्थाएँ सँभालीं। 
__________________________________________
उत्तर भारत के पहले मातृ-शिशु दुग्ध बैंक का लोकार्पण कमिश्नर करेंगे
आगरा, 04 मई। चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा जन सेवा अभियान के तहत प्रताप नगर स्थित गर्भाधान संस्कार मेटरनिटी होम परिसर में उत्तर भारत के प्रथम मदर मिल्क बैंक की स्थापना की गई है। इस मातृ-शिशु दुग्ध बैंक का लोकार्पण 5 मई को सुबह 10:30 बजे मुख्य अतिथि मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया जाएगा।
यह जानकारी एसएन मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह, लेडी लॉयल हॉस्पिटल की अधीक्षक डॉ. पुष्प लता, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार, डॉ. सुधा बंसल, चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के अशोक कुमार गोयल, मुकेश जैन ने दी। उन्होंने बताया कि इस पहल से कुपोषण में कमी, शिशु मृत्यु दर में सुधार और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य- संरक्षण में अभूतपूर्व सहायता मिलने की उम्मीद है। 
__________________________________________
अंडर 19 बालिका क्रिकेट की इंटर जोनल चैंपियनशिप
आगरा, 04 मई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अंडर 19 बालिका वर्ग की इंटर जोनल चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन चाहर क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर 7 से 9 मई तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, हाथरस, अलीगढ़, मैनपुरी, हापुड़ के अलावा नोएडा की 120 खिलाड़ी भाग लेंगी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के द्वारा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के लिए चयनकर्ताओं एवं अंपायर, स्कोरर भेजा जा रहा है l मैच प्रातः 8 बजे से खेले जायेंगे। प्रति दिन दो मैच खेले जायेंगे।
__________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments