दवा विक्रेताओं की 20 को देशव्यापी हड़ताल, आगरा में भी बंद रहेंगी दुकानें
आगरा, 06 मई। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कैमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर ताजनगरी के दवा कारोबारी 20 मई को हड़ताल पर रहेंगे। ऑर्गेनाइजेशन ने इस दिन देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
इस हड़ताल में देशभर के 12 लाख से अधिक कैमिस्ट शामिल होंगे। आगरा फार्मा एसोसिएशन ने इस हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है। शहर में करीब तीन हजार दवा दुकानें बंद रहेंगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप बंसल का कहना है कि हड़ताल ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉरपोरेट कंपनियों के भारी डिस्काउंट को बंद और नकली दवाओं पर नियंत्रण की मांग को लेकर की जा रही है। लंबे समय से इन मुद्दों को उठाया जा रहा है लेकिन समाधान न होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि 20 मई को आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर शहर की सभी रिटेल और होलसेल दवा दुकानें बंद रहेंगी। मरीजों से अपील की गई है कि वे पहले से जरूरी दवाएं खरीद लें।
अनूप बंसल ने कहा कि कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। बिना डॉक्टर की पर्ची के ऑनलाइन दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे मरीजों की जान को खतरा है। कॉरपोरेट कंपनियां 30 से 40 प्रतिशत तक डिस्काउंट देकर छोटे दवा व्यापारियों का कारोबार प्रभावित कर रही हैं, जिससे उनका व्यवसाय चौपट हो रहा है। नकली दवाओं का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे न सिर्फ मरीजों की सेहत पर खतरा है, बल्कि ईमानदार कैमिस्ट की साख भी प्रभावित हो रही है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments