संजय प्लेस में हो फुटपाथ सुधार, सड़क पर न चलें पदयात्री
आगरा, 15 अप्रैल। जिला कलेक्ट्रेट सभागार।में बुधवार को हुई जिला पर्यावरण समिति की मासिक समीक्षा बैठक में सदस्य के.सी. जैन ने संजय प्लेस क्षेत्र में पैदल चलने वालों की सुरक्षा तथा पदयात्रियों के सड़क पर चलने के कारण ट्रैफिक की समस्या को उठाया।
वरिष्ठ अधिवक्ता जैन ने बैठक में ध्यान दिलाया कि सर्वोच्च न्यायालय ने पैदल चलने की सुविधा को नागरिकों का मौलिक अधिकार घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने विषय पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम को निर्देशित किया कि संजय प्लेस परियोजना में फुटपाथ सुधार की विस्तृत योजना पायलेट परियोजना के रूप में बनाये और अगली बैठक में रखा जाए।
इसके अलावा अधिवक्ता जैन द्वारा उत्तरी बाईपास के चालू हो जाने के बाद भी बाहरी भारी वाहनों को नगर क्षेत्र में प्रवेश से नहीं रोके जाने मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 115 के अंतर्गत अधिसूचना जारी करते हुए बाहरी भारी वाहनों के नगर प्रवेश पर प्रभावी प्रतिबंध लागू किया जाये। जिलाधिकारी ने इस विषय को परिक्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिये आश्वस्त किया। बैठक में वृक्षारोपण की प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक बनाया जाने की मांग भी की गई।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments