आगरा की दीप्ति शर्मा बनीं विश्व की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर, विजडन पुरस्कारों में भारतीयों का दबदबा
आगरा, 14 अप्रैल। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर ताजनगरी की दीप्ति शर्मा को विश्व की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया है। भारतीय क्रिकेटरों ने विजडन अल्मनैक 2026 पुरस्कारों में अपना दबदबा बनाते हुए नौ में से सात पुरस्कार अपने नाम किए। इनमें दीप्ति शर्मा को वर्ष की महिला सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और अभिषेक शर्मा को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ टी-20 क्रिकेटर चुना गया।
दीप्ति को विश्वकप के साथ अन्य मैचों में शानदार प्रदर्शन करने पर यह अवार्ड मिला है। दीप्ति ने इसे पूरी टीम का सम्मान बताया। अवधपुरी कालोनी में निवासी 28 वर्षीया दीप्ति शर्मा ने वर्ष 2025 में भारतीय महिला टीम को घरेलू मैदान पर आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर भारत ने अपना पहला वन डे विश्व कप खिताब हासिल किया। दीप्ति पूरे टूर्नामेंट की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गईं। उन्होंने विश्व कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट लिए। फाइनल में उन्होंने 58 रनों की तेज पारी खेली और गेंदबाजी में पांच विकेट झटके। वे एकमात्र खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने एक विश्व कप में 200 रन और 20 विकेट का कारनामा किया।
दीप्ति की मध्यक्रम में नाबाद पारियां और आफ स्पिन गेंदबाजी कई मैच पलट चुकी हैं। विजडन ने उनकी स्थिरता और दबाव में प्रदर्शन की खास तारीफ की। दीप्ति से पहले स्मृति मंधाना यह पुरस्कार जीत चुकी हैं।
इस वर्ष विजडन पुरस्कारों में भारतीय खिलाड़ियों का नाम छाया रहा। पुरुषों में शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा को पिछले साल इंग्लैंड में हुई टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने के कारण विजडन के वर्ष के पांच क्रिकेटरों में शामिल किया गया है। पुरुष वर्ग में आस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान मिला।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments