आगरा में यातायात सुधार के लिए पुलिस चलाएगी सीएफडी योजना, पहला चरण फरवरी से
आगरा, 27 जनवरी। यातायात पुलिस ने जिले में यातायात जाम से सर्वाधिक प्रभावित मार्गों को चिन्हित कर उन्हें जाम-मुक्त कराए जाने हेतु योजनाबद्ध तरीके से काम करने का निर्णय लिया है। इस कार्ययोजना को Congestion Free District (CFD) नाम दिया गया है।
इस सीएफडी योजना के क्रियान्वयन हेतु पुलिस आयुक्त, दीपक कुमार के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात हिमांशु गौरव कुमार के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में (फरवरी माह) के दौरान आगरा शहर के निम्नलिखित प्रमुख एवं अति-व्यस्त मार्गों/चौराहों को चिन्हित किया गया है जहाँ यातायात जाम की समस्या सर्वाधिक बनी रहती है -
भगवान टॉकीज चौराहा से वीरांगणा अवंतीबाई लोधी चौराहा (एमजी रोड)
बिजलीघर चौराहा से हरीपर्वत चौराहा
नामनेर चौराहा से कमाल खान दरगाह
रामबाग चौराहा से टेढ़ी बगिया चौराहा
रुई की मंडी चौराहा से मारुति स्टेट चौराहा
सिकंदरा चौराहा से रामबाग चौराहा
लोहामंडी चौराहा से हरीपर्वत चौराहा
रोहता नहर चौराहा से दिगनेर पुलिया तक।
चिन्हित समस्त मार्गों पर यातायात के दबाव, पीक ऑवर्स के दौरान वाहनों की अत्यधिक संख्या, सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो के अनियंत्रित एवं अव्यवस्थित संचालन तथा सड़क संरचना से संबंधित समस्याओं का गहन एवं विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। निष्कर्षों के आधार पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने हेतु चरणबद्ध कार्यवाही की जाएगी।
योजना के अंतर्गत यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए चिन्हित मागों एवं चौराहों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती, निरंतर मॉनिटरिंग, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग, अवैध अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिससे आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments