गोद दिए बच्चे ने जन्मदाता मां के साथ जाने से किया इंकार!

आगरा, 16 जनवरी। जिले के खेरागढ़ थाना क्षेत्र में एक अजीब मामला सामने आया। गोद दिए बच्चे को महिला ने वापस मांगा तो बच्चे ने जन्मदाता मां के साथ जाने से मना कर दिया। उसने उन्हें पहचानने से भी इन्कार कर दिया। मामला थाने तक पहुंचा, फिलहाल बच्चे को गोद लेने वाली मां को सौंप दिया गया। जन्मदाता मां को न्यायालय की शरण लेने की सलाह दी गई।
बेबी पत्नी पप्पू ने रिश्ते की ननद ओमवती पत्नी कल्यान सिंह से छह वर्ष पूर्व बेटे को गोद लिया था। अब जन्मदात्री मां ने पालन करने वाले मां से अपने बच्चे को मांगा है। थाना प्रभारी देव करन सिंह ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर जांच की। इसके बाद बच्चे को पालन करने वाली मां को सौंप दिया। सोमवार को दिनभर थाने में चली पंचायत में छह वर्षीय रजत ने अपनी जन्मदाता मां को पहचाने से इन्कार कर दिया। देर शाम रजत को पालनहार मां अपने साथ लेकर चली गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर था। छह वर्षीय बच्चे ने पूरे मामले को स्पष्ट कर दिया। बच्चे ने जन्मदाता मां को पहचाने से ही मना कर दिया। इसलिए बच्चे को पालनहार मां के सुपुर्द कर दिया है। जन्मदाता मां को हिदायत दी है कि सक्षम न्यायालय में जाकर अपनी समस्या का निराकरण कराए।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments