जगदीशपुरा जमीन विवाद: योगेंद्र उपाध्याय बोले- सबूत जुटा रहा था इसलिए देर से बोला, पूरे खेल के पीछे सैफई का करीबी मनोज यादव, सांसद पर भी अप्रत्यक्ष हमला

आगरा, 15 जनवरी। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जे में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी। इस मामले में उपाध्याय का नाम आ रहा था। सोमवार को उन्होंने मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखा।
अपना पक्ष रखने में देरी को लेकर उपाध्याय ने कहा कि वह इस मामले के सबूत जुटा रहे थे, इसलिए उन्हें थोड़ा समय लगा। कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि पूरा खेल सैफई के सपा परिवार के करीबी मनोज यादव खेल रहे हैं। उपाध्याय ने अप्रत्यक्ष रूप से अपनी ही पार्टी के जनप्रतिनिधि पर भी हमला बोला और कहा कि वह द्वेषवश उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोगों की भाजपा में राजनीतिक जमीन कमजोर होती दिख रही है, इसलिए वे दूसरी पार्टी में संभावनाएं तलाश रहे हैं और उस पार्टी के लोगों के हाथों में खेल रहे हैं।
गौरतलब है कि सांसद राजकुमार चाहर इस विवाद में अभी तक पीड़ित दिखाई दे रहे पक्ष के समर्थन में खुलकर बोलते रहे हैं।
उपाध्याय पुलिस पर भी हमलावर दिखे और कहा कि पुलिस का काम कब्जा कराना नहीं है, यह न्यायिक क्षेत्र का अधिकार है, लेकिन पुलिस ने इस जमीन पर गलत कब्जा करा दिया है।
कैबिनेट मंत्री उपाध्याय ने कहाकि 20 साल पहले जमीन एग्रीमेंट में उनका नाम आया था। मगर, वह एग्रीमेंट एक साल बाद ही रद्द हो गया था। अब उनका इस जमीन से कोई लेना-देना नहीं है। यह जमीन उनके परिचित नेमीचंद जैन और टहल सिंह के बीच हुए समझौते के बाद नेमीचंद के हिस्से में आई। इसके रजिस्टर्ड दस्तावेज हैं। जैन द्वारा कई वर्षों से नगर निगम में टैक्स भी जमा किया जा रहा है। अब नेमीचंद जैन की जमीन को फर्जी तरीके से बेचा जा रहा है। पूरा खेल सपा परिवार के करीबी मनोज यादव खेल रहे हैं। उन्होंने चौकीदार रवि कुशवाह के परिवार से साठगांठ करके जमीन बेच दी है। टहल सिंह और उनके परिवार के लोग जमीन के मालिक नहीं है। उनके द्वारा गलत तरीके से जमीन बेची जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यहां पर रवि कुशवाहा पहले भी शराब बेचता था। पूर्व में उसके खिलाफ एफआईआर हुई थी। उन्होंने रवि और उसके परिवार पर दर्ज फर्जी मुकदमे पर गोल-मोल जवाब दिया। उन्होंने कहाकि ये जांच का विषय है। पुलिस इसकी जांच करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार बिक गया है। वही अवैध कब्जा कर रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने चौकीदार के परिवार को ही फिर से कब्जा दिला दिया। जबकि, इस पर नेमीचंद जैन अपना कब्जा ले चुके थे। 
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सैफई परिवार का करीबी इस पूरे खेल में शामिल है। जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा सरकार में सपा नेता इतना मजबूत हो गया कि वे कब्जे करा रहा है और उसकी पुलिस में भी घुसपैठ है। इस पर उपाध्याय ने गोल-मोल जवाब दिया।
__________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments