Sports: रायबरेली, झांसी हास्टल, मेरठ और लखनऊ की टीमें सेमीफाइनल में, खेल निदेशक ने हॉकी मैदान पर मनाया जन्मदिन

आगरा, 25 दिसंबर। रायबरेली, झांसी हास्टल, मेरठ और लखनऊ की टीमें यहां एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही प्रदेशीय फाइव ए साइड पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंच गईं। 
आज के मैचों के मुख्य अतिथि प्रदेश के खेल निदेशक और उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के महासचिव डा आर पी सिंह और विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश ओलिंपिक एसोसियेशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय थे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान ओलंपियन जगबीर सिंह, आगरा ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ हरि सिंह यादव, सचिव राहुल पालीवाल, आगरा कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ नरेन्द्र सिंह यादव भी उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ कमल चौधरी, सचिव संजय गौतम, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, महिला सचिव मीनाक्षी घिल्डियाल पोपली, डा जयशंकर यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुनील जोशी, भूपेश कुमार, सुनील जैन, प्रशांत शुक्ला, वीरेंद्र सिंह बॉबी, राजीव सोई, विनोद शीतलानी आदि ने किया।
मैचों के तकनीकी अधिकारियों में तजम्मुल जैदी, प्रशांत शुक्ला, शाहिद अली, आशा कुमारी थे। अंपायरिंग की जिम्मेदारी जावेद खान, बृजेश, मनीष द्विवेदी, अमित सक्सेना, सैयद अली और सुनील सिंह ने निभाई।
आज के मैचों के बाद आगरा के अनुराग सिंह, इटावा के सैफी, सैफई के रजा अली और झांसी के अजय गौड़ को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता के चौथे दिन पहले मुकाबले में रायबरेली ने आगरा को रोमांचक टाईब्रेकर मुकाबले में 2-0 से हराया। इससे पहले निर्धारित समय तक दोनों टीमें 5-5 गोलों से बराबर रहीं। रायबरेली की ओर से अनीस ने तीन, सक्षम, राहुल ने एक-एक गोल किया। आगरा की ओर से अनुराग ने दो, अभिषेक, मनीष, कुणाल ने एक-एक गोल किए।
दूसरे मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने इटावा को 4-2 से हराया। झांसी हास्टल के शानू पटेल ने तीन, संजय यादव ने एक गोल किया। इटावा की ओर से मोहम्मद अकबर और मोहम्मद आकिब ने एक-एक गोल किया।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में मेरठ ने सैफई कॉलेज की टीम को 6-4 से हराया। मेरठ की ओर से विकास चौधरी ने सभी छह गोल ठोँके। सैफई के राजा अली ने तीन, रोमित पाल ने एक गोल किया।
चौथे क्वार्टर फाइनल में लखनऊ की टीम ने झांसी डीएसए की टीम को 6-4 से हराया। लखनऊ की ओर से त्रिलोकी, अजीत यादव ने दो-दो और आकाश व राहुल ने एक-एक गोल किया। झांसी डीएसए की ओर से शुभांकर, अजय कुमार, विवेक और राहुल ने एक एक गोल किया।
खेल निदेशक ने हॉकी मैदान पर काटा जन्मदिन का केक
हॉकी मैदान पर आज मुख्य अतिथि प्रदेश के खेल निदेशक और उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के महासचिव डा आर पी सिंह का जन्म दिन भी मनाया गया। सिंह इस सरप्राइज कार्यक्रम से अभिभूत नजर आए। खेल निदेशक ने जब स्टेडियम में प्रवेश किया तो तो ढोल नगाड़ों की थाप के बीच बालक-बालिकाओं ने पुष्पवर्षा करके उनका स्वागत किया। संजय गौतम ने तुरंत ही केक भी मंगा लिया और आरपी सिंह ने मैदान पर खिलाड़ियों के बीच केक काट कर अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन तो हरसाल आता है, लेकिन इस बार का दिन उनके लिए यादगार बन गया। वे इस अनूठे स्वागत से अभिभूत हैं। जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष डा कमल चौधरी ने उन्हें और आनंदेश्वर पांडेय को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
मंगलवार के मैच
प्रतियोगिता में मंगलवार को दोपहर ढाई बजे से सेमीफाइनल मुकाबले खेले जायेंगे। पहला मैच रायबरेली और मेरठ के बीच और दूसरा मैच झांसी हास्टल और लखनऊ के बीच होगा।
_________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments