पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के दिए आश्वासन
आगरा, 18 मई। दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एसीपी हरीपर्वत मयंक तिवारी एवं एसीपी (ताज सुरक्षा/यातायात) सैयद अरीब अहमद ने आज गुरुवार को शहर में व्यापारियों की सुरक्षा करने और यातायात से जुड़ी बड़ी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। अधिकारीद्वय जीवनी मंडी स्थित नेशनल चैंबर भवन में चैंबर सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए चैंबर अध्यक्ष राजेश गोयल ने कहा कि यदि यातायात एवं कानून व्यवस्था की छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण होना चाहिए।
दोनों पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जीवनी मंडी चौराहे पर खड़े खाली लोडिंग वाहन पर 100 प्रतिशत एनफोर्समेंट की कार्यवाही होगी। सुल्तानगंज फ्लाईओवर के नीचे लगे पुलिस प्रतिबंध को पूरी तरह खोला जायेगा। यमुना किनारे रोड पर स्ट्रेची पुल के निकट उपलब्ध स्थान का निरीक्षण कर उसे पार्किंग स्थल बनाने पर विचार किया जायेगा। गुरुद्वारा से सिकंदरा के मध्य यू-टर्न एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग के सम्बन्ध में बताया कि जी-20 प्रोग्राम के तहत मंडलायुक्त महोदय के साथ इन सभी समस्याओं के सम्बन्ध में स्थलों पर निरीक्षण किया गया है। शीघ्र ही निर्णय होने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त प्रश्नोत्तर काल में सदस्यों द्वारा फतेहाबाद रोड पर पार्किंग की समस्या मॉडल वाइन शॉप, राजामंडी चौराहे पर बेरिकेडिंग, एमजी रोड पर धीमी गति से चलते वाहनों पर स्पीड बेल्ट न लगाने पर चालान की समस्या, भगवान टाकीज से अब्बुलाला दरगाह पर लाइन लगाकर खड़ी बसों की समस्या, हाथरस रोड पर जलेसर जाने वाली प्राइवेट बसों के अवैध पार्किंग, लोडिंग वाहनों की अवैध पार्किंग आदि विषयों को उठाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सभी पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही की जायेगी। बैठक का संचालन स्थानीय प्रशासन समन्वय प्रकोष्ठ के चेयरमैन पूर्व अध्यक्ष नरिंदर सिंह ने किया। निवर्तमान अध्यक्ष शलभ शर्मा ने प्रत्यावेदन पढ़ा।
बैठक में अनिल अग्रवाल, मनोज बंसल, के. के. पालीवाल, सीताराम अग्रवाल, पी. के. वार्ष्णेय, अमर मित्तल, महेन्द्र सिंघल, अशोक गोयल, राजीव अग्रवाल, अतुल गुप्ता, श्रीकिशन गोयल, के साथ ही बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।
Post a Comment
0 Comments