आगरा की अविषी देशभर में संयुक्त टॉपर
आगरा, 14 मई। शहर के सेंट एंथनीज जूनियर कालेज की छात्रा अविषी सिंह ने काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (सीआईएससीई) के 10वीं के रिजल्ट में देश में संयुक्त रूप से टॉप कर इतिहास रच दिया है। अविषी ने 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अविषी ने गणित में 100, विज्ञान में 100, सोशल स्टडीज में 100, कंप्यूटर में 100, अंग्रेजी में 99 और हिंदी विषय में 99 अंक प्राप्त किए।
सीआईएससीई ने आज रविवार की दोपहर 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल आईसीएसई क्लास का ओवरऑल पास प्रतिशत 98.94% रहा है जबकि, आईएससी में 96.93% छात्र पास हुए हैं। स्टूडेंट्स बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org और results.cisce.in पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। आधिकारिक वेबसाइट के अलावा, छात्र अपने आईसीएसई बोर्ड परिणाम 2023 को डिजीलॉकर पर भी देख सकते हैं।
केदारनगर शाहगंज निवासी अविषी के पिता दिग्जेंद्र सिंह और मां रश्मि कपूर सिंह दंत चिकित्सक हैं। अविषी ने बताया कि उन्होंने घंटे गिनकर पढ़ाई नहीं की। हर विषय पर उन्होंने बराबर ध्यान दिया। शिक्षकों की बातों का पालन किया। विज्ञान और गणित की कोचिंग ली। अंग्रेजी पर पूरा ध्यान दिया। 12वीं के बाद वह आईआईटी से बीटेक करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य आईएएस बनना है।
अविषी रिजल्ट देखने के बाद अपने माता-पिता के साथ बांके बिहारी के दर्शन करने मथुरा गईं। उनकी मां रश्मि कपूर सिंह ने बताया कि वह भगवान को धन्यवाद देने जा रहे हैं। बेटी के देश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त करने पर बहुत अच्छा लग रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर हम बहुत भावुक हो गए थे। यह छोटा सा पड़ाव है। अविषी को बहुत आगे जाना है। अविषी के पिता दिग्जेंद्र सिंह ने बताया कि बेटी पढ़ने में बहुत अच्छी है और उसका फोकस पढ़ाई पर ही रहता है। प्रारंभ से उसका उद्देश्य टॉप करना था।
______________________
Post a Comment
0 Comments