Agra News: खबरें आगरा की......

मेहताब बाग में धार्मिक गतिविधियां करने पर मुकदमा दर्ज 
आगरा, 18 अगस्त। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की तहरीर पर मेहताब बाग के संरक्षित स्मारक परिसर में धार्मिक गतिविधियां करने वालों के खिलाफ थाना एत्माद्दौला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बीच अखिल भारत हिंदू महासभा ने वीडियो जारी कर मेहताब बाग में ताजमहल की ओर जलाभिषेक करने की जिम्मेदारी ली है। संगठन से जुड़े लोगों ने आरती, गंगाजल अर्पित करने और शिव चालीसा पाठ किए जाने की बात कही है।
बताया गया है कि सावन के तीसरे सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा से जुड़े अजय चौहान, मनीष पंडित, हर्ष पंडित और नंदू भाई मेहताब बाग पहुंचे। यहां अजय चौहान ने आरती की। मनीष पंडित ने गंगाजल अर्पित किया। इसके साथ शिव चालीसा का पाठ किया गया और भगवा ध्वज भी लगाया गया। संगठन ने इस कार्यक्रम को ताजमहल को ‘तेजो महालय’ मानने के अपने दावे से जोड़ा।
एएसआई की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि 17 अगस्त को सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग मेहताब बाग परिसर में आरती, जल चढ़ाने और धार्मिक ध्वजा प्रदर्शित करते दिखाई दे रहे हैं।एएसआई ने इसे संरक्षित स्मारक के नियमों का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की। 
__________________________________________
परिवहन निगम 26 से 31 अगस्त तक करेगा अतिरिक्त बसों का संचालन 
आगरा, 18 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है। आगरा क्षेत्र की ओर से दिल्ली मार्ग पर 50 अतिरिक्त बसें और जयपुर मार्ग पर 25 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा स्थानीय रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाकर सेवा में औसतन 25 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। 
क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल का कहना है कि निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करने वाले चालक-परिचालकों और अन्य कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। रक्षाबंधन प्रोत्साहन अवधि 26 अगस्त से 31 अगस्त तक निर्धारित की गई है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
परिवहन निगम ने सभी बस स्टैंडों पर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। 
__________________________________________
अंडर-14 जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया 19 को
आगरा, 18 अगस्त। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश अंडर-14 क्रिकेट टीम की जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया 19 अगस्त को प्रातः आठ बजे से स्टार नेक्स्ट क्रिकेट अकादमी वायु विहार में आयोजित की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में अपना पंजीकरण कराया हुआ है। उन्हें अपने आयु प्रमाण-पत्र एवं रजिस्ट्रेशन स्लिप लेकर उपस्थित होना होगा।
__________________________________________
धीरज जैन के नेत्रदान से दो जिंदगियां होंगी रोशन 
आगरा, 18 अगस्त। एंथला अपार्टमेंट, सेक्टर- 12 निवासिनी धीरज जैन (71) पत्नी स्वर्गीय विजय कुमार जैन का रविवार को निधन हो जाने पर उनके सुपुत्र निदित जैन ने हेल्प आगरा संस्था के नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन से नेत्रदान प्रकिया पूरी कराने के लिए संपर्क किया। सूचना पर हेल्प आगरा के सहयोग से एस.एन. की आई बैक इंचार्ज डा.शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा व डाक्टर टीम द्वारा नेत्रदान प्रकिया पूरी कराई गई।  उनके नेत्रदान  से दो अंधकारमय जिन्दगियों में उजाला होगा
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र  जैन महासचिव गौतम सेठ व मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने लोगों से नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील  की है। नेत्रदान के लिए कहीं नहीं जाना पड़ता। नेत्रदान के लिए 9319111000 पर सम्पर्क किया जा सकता है। 
__________________________________________
पंडित विष्णु दिगंबर पलुस्कर स्मृति संगीत संध्या संपन्न 
आगरा, 18 अगस्त। संगीत को जन जन तक पहुंचाने वाले पंडित विष्णु दिगंबर पलुस्कर की जयंती पर साहित्य संगीत संगम द्वारा संगीत संध्या का आयोजन ग्रीन हाउस भोगीपुरा पर किया गया। अध्यक्षता आगरा कालेज की संगीत विभाग की प्रो आन्शवना सक्सेना ने की। मुख्य अतिथि दुर्ग विजय सिंह थे। पलुस्कर का परिचय सुशील सरित ने दिया।
चंद्रशेखर शर्मा, सुधीर शर्मा, पूजा तोमर, हरीश अग्रवाल, हरीश भदोरिया, रुपेश मल्होत्रा, डॉ असीम आनंद, डॉक्टर नीरज स्वरूप, नीलेद्र श्रीवास्तव, नीलम शर्मा, अक्षय, संगीता सिंह, नेहा बागड़ी की उपस्थिति रही।
__________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments