हज यात्रा पर गए भारतीयों की परेशानी दूर करने के लिए सऊदी अरब से बात करे केन्द्र सरकार
आगरा, 13 मई। हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष हाजी डॉ. सिराज कुरैशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर सऊदी अरब सरकार से बातचीत कर भारतीय हज यात्रियों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया कि ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के अवसर पर दुनिया भर से लाखों मुसलमान हज यात्रा के लिए सऊदी अरब पहुँचते हैं। इस वर्ष भारत सहित विभिन्न देशों से गए हज यात्रियों को कई प्रकार की परेशानियां सामने आ रही हैं। सऊदी अरब प्रशासन द्वारा कई नई पाबंदियाँ लागू की गई हैं, जिनसे यात्रियों को असुविधा हो रही है। विशेष रूप से होटल के कमरों में स्वयं खाना बनाने पर लगाई गई रोक को लेकर हाजियों में नाराज़गी और चिंता देखी जा रही है।
पत्र में कहा गया है कि पूर्व वर्षों में अनेक भारतीय हाजी अपने स्वास्थ्य, स्वाद और सुविधा के अनुसार कमरे में हल्का भोजन या चाय आदि तैयार कर लेते थे, जिससे उन्हें खानपान संबंधी परेशानियों से राहत मिल जाती थी। लेकिन इस बार खानपान, आवास और आवागमन की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
पत्र में प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री से आग्रह किया गया है कि भारत सरकार सऊदी अरब सरकार से बातचीत कर भारतीय हज यात्रियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे। हज केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि आध्यात्मिक शांति, भाईचारे और मानवता का प्रतीक है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments