Agra News: खबरें आगरा की.....

सीपी, डीएम और अन्य अधिकारियों ने आरती उतारकर शुरू कराई डॉ भीमराव आंबेडकर शोभायात्रा 
आगरा, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135 वीं जयंती पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने मंगलवार की शाम डॉ. आंबेडकर भवन कटरा गाड़ियाँन, नाला काजीपाड़ा पहुंचकर बाबा साहब की झांकी की आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया। 
डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती समारोह समिति के समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह सक्सेरिया व महामंत्री निहाल सिंह, कोषाध्यक्ष हेतसिंह अंबेश आदि ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत किया।
यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए ग्यासपुरा शाहगंज स्थित भीमनगरी पहुंचेगी। जीआईसी मैदान पर भव्य मंच बनाया गया है, जहां 15 से 17 अप्रैल तक विविध कार्यक्रम होंगे। यहां पन्द्रह अप्रैल को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भी आगमन प्रस्तावित है।
__________________________________________
धनौली में डॉ अंबेडकर प्रतिमा के फाउंडेशन का शिलान्यास, सांसद चाहर व उपेंद्र सिंह ने दी श्रद्धांजलि
आगरा, 14 अप्रैल। संविधान शिल्पी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को ग्राम पंचायत धनौली स्थित अंबेडकर पार्क, नगला हनुमान में फाउंडेशन चबूतरे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। निर्माण कार्य का शुभारंभ सांसद राजकुमार चाहर व भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने किया। सांसद चाहर ने डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने देश को एक मजबूत संविधान देकर समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का कार्य किया।
भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में अनिल चाहर, वीरेंद्र सिंह, लोकेश प्रधान, सतेंद्र यादव, सौरभ दुबे, सोमदत्त, तेज कपूर, सचिन गोयल मौजूद रहे।
__________________________________________
अगले माह चुनी जाएगी कार्यकारिणी
आगरा, 14 अप्रैल। अखिल भारतीय महिला परिषद की नगर शाखा की कार्यकारिणी का चुनाव अगले माह किया जाएगा। साथ ही मोबाइल फोन प्रयोग के लाभ-हानि विषय पर भी महिलाओं और समाज को जागरूक करने की दृष्टि से एक परिचर्चा का आयोजन भी किया जाएगा। 
यह निर्णय परिषद की बैठक में लिया गया। अध्यक्ष उमा सिंह ने कहा कि आजकल जिसे देखो वह मोबाइल फोन में व्यस्त है। मोबाइल फोन पर अत्यधिक समय बिताना मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए घातक है। बैठक में चित्ररेखा कटियार, प्रेमलता, सरोज प्रशान्त, रजनी, चंद्रा मेहरोत्रा, पूनम शर्मा, रूपा और आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. सुषमा सिंह मौजूद रहीं।
__________________________________________
आगरा में हुई संस्कार भारती की अखिल भारतीय प्रबंधकारिणी बैठक
आगरा, 14 अप्रैल। संस्कार भारती की अखिल भारतीय प्रबंधकारिणी की दो दिवसीय बैठक फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में हुई। इसमें देश के 11 क्षेत्रों से आए 49 वरिष्ठ पदाधिकारियों और कलासाधकों ने भाग लिया।
बैठक में वन्देमातरम के 150 वर्ष के अवसर पर देशभर विविध लोक कला शैलियों पर आधारित वंदेमातरम की प्रस्तुति के कार्यक्रम करने का निर्णय हुआ। देश भर में संत रविदास की 650वीं जयंती कार्यक्रम की योजना तय की गई। बैठक में कला संस्कृति के क्षेत्र में सी एस आर निधि के प्रावधानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता संस्कार भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष रविंद्र भारती, अजमेर ने की। सुप्रसिद्ध लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन भी उपस्थित रहे। बैठक में अंतरराष्ट्रीय वादक डॉ अश्विनी एम दलवी जयपुर, उपाध्यक्ष हेमलता एस मोहन बोकारो, कला धरोहर प्रमुख ओजस हीरानी सिरानी अहमदाबाद ने “सौहार्द” नामक विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। ब्रज प्रांत के महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, राजीव द्विवेदी, ओम स्वरूप गर्ग, राजीव सिंघल, प्रदीप सिंघल, श्याम तिवारी, डॉ आभा सिंह गुप्ता, नीता गर्ग ने व्यवस्थाएं संभालीं।
__________________________________________
गौशाला में हुआ सुंदरकांड पाठ 
आगरा, 14 अप्रैल। सामाजिक समिति द्वारा कर्मयोगी गौशाला, कमलानगर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौ माता के लिए 56 भोग अर्पित किए गए। विशेष रूप से सभी सदस्य अपने-अपने घरों से सुसज्जित थाल तैयार कर लाए।
संस्था के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि कर्मयोगी गौशाला में 200 से अधिक गौवंश आश्रय प्राप्त कर रहे हैं। सुंदरकांड पाठ को सुमधुर स्वर सुमित गोयल ने दिए। विनय सिंघल, डॉ. चंद्र प्रकाश सिंघल, संतोष अग्रवाल, अमित गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, प्रिंस बंसल उपस्थित रहे।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments