बीस महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 12 लाख रुपये ठगे

आगरा, 13 अप्रैल। बीस महीने में रकम दोगुनी होने का लालच देकर 12 लाख रुपये की ठगी का समाचार है। इस दौरान पांच सितारा होटलों में सेमिनार कर सब्जबाग दिखाए गए, लेकिन शीघ्र ही पीड़ितों को ठगे जाने का अहसास हो गया। पीड़ितों की शिकायत पर अब साइबर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्तों का विवरण जूता रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शमशाबाद रोड के कहरई मोड़ निवासी प्रदीप उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह पॉलिसी बाजार कंपनी में काम करते हैं। पिछले साल जुलाई माह में संजय प्लेस क्षेत्र में उनकी मुलाकात दयालबाग निवासी शंकर से हुई। शंकर ने सी प्राइम कैपिटल एलएलसी नाम की कंपनी के बारे में बताया। उसमें निवेश पर बीस महीने में रकम दोगुनी होने का लालच दिया। कंपनी की ओर से उन्हें निमंत्रण देकर देहरादून के बड़े होटल में सेमिनार के लिए बुलाया गया। सेमिनार में कंपनी के मुख्यकर्ता जतिन राम, मोहित राना, गौरव सिंह, वल्लभ अग्रवाल और सेामनाथ पंचाल ने लोगों को मोटे मुनाफे का लालच दिया। प्रलोभन में आकर उन्होंने दस लाख रुपये जमा करवा दिए।
अभियुक्तों ने निवेश शुरू करने पर एमटी-05 नाम की एप डाउनलाेड कराई और उस एप पर उनकी आईडी बना दी। एप में निवेश की रकम में लगातार मुनाफा दिखाई देता रहा। उन्होंने अपने दो मित्रों से भी एक-एक लाख रुपये निवेश करवा दिए।
इसके बाद जब उन्होंने रकम निकालने के लिए कहा तो शंकर ने बहाने बनाने शुरू कर दिये। उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि उक्त कंपनी देश में वित्तीय निवेश और ट्रेडिंग के लिए अधिकृत ही नहीं है। प्रदीप का कहना है कि अभियुक्तों ने उनके जैसे और सैकड़ों लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है। थाना प्रभारी साइबर क्राइम का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों के बारे में जानकारी की जा रही है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments